पेट्रोल न मिलने पर दबंगों का तांडव , पेट्रोल पंप पर की तोड़फोड़।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हापुड़ (यूपी) – जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में देर रात कुछ दबंगों ने पेट्रोल पंप पर जमकर उत्पात मचाया । बताया जा रहा है कि बाइक में पेट्रोल न डालने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने डंडों और पत्थरों से पेट्रोल पंप पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पेट्रोल-डीजल की मशीनों में तोड़फोड़ की और पंप परिसर में जमकर हंगामा किया। अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
दबंगों की पूरी करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर मशीनों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तीन युवकों ने तोड़फोड़ की है । सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



