डबल मर्डर का खुलासा, पिता ने पत्नी और बेटी की हत्या कबूली, चार घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सुलझाया मामला
Double murder case solved: Father confesses to killing wife and daughter; police arrest suspect within four hours, solving case

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के रोद्दीपुर ओपी क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम गारामारा में 13 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक महेशपुर प्रभाग के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी टीम एवं फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान घर से लगभग 200 मीटर दूरी पर मृत बच्ची की मां सूरज बास्की का शव भी मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार मृत बच्ची के पिता एवं मृतका के पति नरेश टुडू से पूछताछ की गई। प्रारंभ में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन गहन पूछताछ के दौरान उसने पत्नी और बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी के बयान एवं निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदाल तथा अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मात्र चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर डबल मर्डर मामले का उद्भेदन कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी थी। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा, रोद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पाकुड़ मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, एसआई सुकुल मरांडी, एसआई अजय कुमार महतो, एएसआई सुकदेव साहा, आरक्षी सोनू किस्कु तथा रोद्दीपुर ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



