खैरथल

जटियाणा में अवैध शराब बेचने की शिकायत पर, जिला कलेक्टर ने कार्रवाई के दिए सख्त निर्देश

ग्राम पंचायत जटियाणा में रात्रि चौपाल, जिला कलेक्टर ने सुनी स्थानीय समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। उपखंड कोटकासिम की ग्राम पंचायत जटियाणा में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान रास्ते संबंधित प्रकरण, राजस्व, अवैध शराब बिक्री, बिजली, पानी, बिजली सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 36 परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को प्रकरणों के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। जटियाणा में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत को जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं जटियाणा एवं झरियाणा गांवों में पेयजल समस्या को लेकर जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने अवगत कराया कि गांव में नई बोरवेल के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इस पर जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई जल स्रोत/बोरवेल निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों के माध्यम से गांवों में नियमित एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान किसी भी ग्रामीण को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान शुद्धिकरण से संबंधित चार प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर परिवादी को चौपाल के दौरान ही लाभ दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और शीघ्र ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर निस्तारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी देते हुए आमजन को आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं जैसे तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड, प्याज भंडारण एवं अन्य योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी रेखा यादव, तहसीलदार वीरेंद्र, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button