पाकुड़

पाकुड़ में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का जोरदार स्वागत, मिलने के लिए लोग रहे बेताब

Former minister Alamgir Alam was given a rousing welcome in Pakur, people were eager to meet him.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व हिरासत में लिए जाने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से रिहाई के पश्चात उनके गृह क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। रिहाई के बाद वे साहेबगंज जिले के बरहरवा स्थित अपने पैतृक आवास इस्लामपुर पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पाकुड़ जिला इकाई की ओर से रविंद्र भवन हॉल में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया और पूर्व मंत्री के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने आलमगीर आलम के राजनीतिक जीवन, जनसरोकारों एवं व्यवहारिक व्यक्तित्व की सराहना की। नेताओं ने कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता का कांग्रेस और आलमगीर आलम से विशेष जुड़ाव रहा है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम ने कहा कि पार्टी ने अनुकूल और प्रतिकूल दोनों परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत आलमगीर आलम को सलाखों के पीछे भेजा गया था। उन्होंने कहा कि लगभग दो वर्षों के कठिन दौर के बाद उनकी वापसी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा लेकर आई है। तनवीर आलम ने अपने सम्बोधन में संघर्ष के दिनों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ भावनात्मक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन और जनता के साथ संवाद लगातार बनाए रखा गया। वहीं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि “हम रहें या न रहें, यहां का हर कांग्रेसी कार्यकर्ता ही आलमगीर आलम है।” उन्होंने तनवीर आलम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अधिकारियों से लेकर आम लोगों तक सकारात्मक संबंध स्थापित किए, जो सराहनीय है। उन्होंने अपने शुरुआती राजनीतिक दौर को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब क्षेत्र के गांवों तक पहुंचने के लिए साइकिल, मोटरसाइकिल अथवा पैदल कच्ची सड़कों से होकर जाना पड़ता था, जबकि आज सड़क और परिवहन व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है और लोग आसानी से चारपहिया वाहनों से अपने घर तक पहुंच रहे हैं। आलमगीर आलम ने कहा कि वे पहले की तरह जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे तथा जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र की शेष समस्याओं और कमियों को दूर करने का भी भरोसा दिलाया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिस्थितियों के अनुरूप राजनीतिक रणनीति और समीकरण तय किए जायेंगे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रदेश को-ऑर्डिनेटर उदय लखवानी, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, कोषाध्यक्ष असद हुसैन, सेमीनूल इस्लाम, शाहीन परवेज, बेलाल शेख, ए. गांगुली, अमीर हमजा, मजिबुर रहमान, पियारुल इस्लाम, शहनाज बेगम, साजिदा बीबी, रामविलास महतो, आरिफ हुसैन उर्फ राजा, बादाम शेख समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button