Uncategorized

गंगा दशहरा पर सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सोमवार को जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कैराना स्थित यमुना पुल और घाट क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। एसडीएम शिवाजी यादव ने अधिकारियों को यमुना घाट पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घाट क्षेत्र और यमुना पुल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और सेवाएं सक्रिय रखी गई हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। गंगा दशहरा पर्व पर यमुना घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे दिन व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button