जायस थाना पुलिस ने 10 घंटे के भीतर लूट की घटना का किया खुलसा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमेठी/जायस : पुलिस मुठभेड़ में लूट करने वाले 2 आरोपी गिरफ़्तार,कब्ज़े से 1 मंगलसूत्र का लॉकेट, 1 तमंचा, 2 खोखा कारतूस,4 जिंदा कारतूस 315 व घटना में प्रयुक्त बाईक बरामद
दिनांक 26.05.2026 को थाना जायस पर सिताला पत्नी ओमप्रकाश नि. रामबारी मजरे सराय महेशा थाना जायस ने लिखित सूचना दी कि प्रार्थनी अपनी बहन के साथ अपने मायके ग्राम भीरा ई रिक्शा से जा रही थी। रस्ते में उतरने के बाद दोनों मोजमगंज पुल से भीरा के लिए कच्चे रास्ते से पैदल जाते समय बाईक सवार 2 अज्ञात व्यक्तियों ने प्रार्थनी के गले से मंगलसूत्र को झपट्टा मारकर भाग गये। सूचना पर थाना जायस पर अज्ञात 2 व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक अमेठी द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण व अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु आवश्यक आदेश निर्देश दिये गये।
अपराध एवं अपराधियों के धर पकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में जायस थाना पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति वस्तु, वाहन की चेकिंग की जा रही थी इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि लूट की घटना से संबंधित 2 अभियुक्त बाईक से खरौली से नसीराबाद की तरफ़ जाने वाले है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम मुस्तैदी से सघन चेकिंग करने लगी तभी खरौली की तरफ़ से 1 बाईक पर 2 व्यक्ति आते हुये दिखाई दिये जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो पुलिस टीम पर फायर करते हुये भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास करने पर बाईक सवार लड़खड़ा कर गिर गये और पुनः पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम द्वारा फायर करने पर अभियुक्तों की तरफ से फायरिंग बंद हो गई। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर देखा गया कि 1 अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया है पूछने पर घायल अभियुक्त ने अपना नाम बंधन सिंह पुत्र इंद्रभान सिंह निवासी खरौली थाना जायस जनपद अमेठी उम्र करीब 23 वर्ष बताया जिसके कब्जे से 1 तमंचा 1 जिंदा कारतूस 2 खोखा कारतूस 315 बोर व लूट का मंगलसूत्र का लाकेट बरामद हुआ तथा दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम नान वर्मा पुत्र उदय वर्मा निवासी खरौली थाना जायस जनपद अमेठी उम्र करीब 22 वर्ष बताया जिसके कब्जे से जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वह दोनों ने आज सुबह मोजमगंज पुल से ग्राम भीरा के कच्चे रास्ते पर इसी स्प्लेंडर बाईक से एक महिला का मंगलसूत्र लूट कर भागे थे। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु पुलिस टीम के साथ हॉस्पिटल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त बंधन सिंह एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो कि थाना जायस का हिस्ट्रीशीटर है,जिसके विरुद्ध जनपद अमेठी व जीआरपी रायबरेली में चोरी,लूट,छिनौती,मारपीट व एनडीपीएस एक्ट आदि में विभिन्न धाराओं में 8 अभियोग पंजीकृत है।
थाना जायस पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



