अमरोहा

ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का खंभा मकान पर गिरा

घंटों बाधित रही सप्लाई

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा / हसनपुर। नगर के कंकर वाले कुआं मोहल्ले में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का खंभा टूटकर पास के मकान पर जा गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बिजली सप्लाई बंद थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर पालिका का कूड़ा उठाने वाला ट्रैक्टर संकरी गली से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा असंतुलित होकर मकान की छत पर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि गली काफी संकरी है और भारी वाहन गुजरने में परेशानी होती है। इसके बावजूद नियमित रूप से बड़े वाहन गली से निकाले जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बताया कि यदि उस समय बिजली चालू होती तो करंट फैलने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त खंभे व बिजली लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
ईद उल अजहा के मौके पर बिजली गुल होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घरों में पानी की समस्या के साथ-साथ गर्मी से भी लोगों को जूझना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संकरी गलियों में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button