
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली के एक गांव में लुधियाना से अपने गांव लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के रझौहा-रहमापुर लिंक मार्ग पर देर रात हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव दाउदपुर मेहरुल निशा निवासी 26 वर्षीय कुलदीप पुत्र दीवान सिंह पंजाब के लुधियाना में केक और पेस्ट्री बनाने का काम करता था। बुधवार रात वह अपनी ससुराल गजरौला से बुलेट बाइक द्वारा घर लौट रहा था। इसी दौरान रझौहा और रहमापुर मार्ग स्थित पुलिया के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने घायल युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा और उसके मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कुलदीप को उपचार के लिए गजरौला ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि कुलदीप की शादी करीब 14 माह पहले हुई थी और उसका ढाई माह का एक बेटा भी है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।


