पेट्रोल पंपों पर सुविधाओं की जांच में मिली खामियां दिये कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल/ बहजोई। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग द्वारा जनपद के पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध जनसुविधाओं की जांच कराई गई। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों ने 22 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर मुफ्त हवा-पानी, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन रैंप, वॉश बेसिन, नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान तथा पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर कमियां पाई गईं। बबराला-चन्दौसी रोड स्थित ललतेश फिलिंग स्टेशन पर दिव्यांगजन रैंप नहीं मिला। गुन्नौर फिलिंग स्टेशन पर मुफ्त हवा-पानी, दिव्यांगजन रैंप और वॉश बेसिन की सुविधा नहीं पाई गई। नगर संभल स्थित हाजी हशमत हुसैन बदर हुसैन फिलिंग स्टेशन और आमिर फिलिंग स्टेशन पर दिव्यांगजन रैंप का अभाव मिला। वहीं डी.एन. फिलिंग स्टेशन बहजोई तथा बालाजी फिलिंग स्टेशन चन्दौसी पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिन पेट्रोल पंपों पर कमियां मिली हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित बिक्री अधिकारियों को पत्र भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पेट्रोल पंप संचालकों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




