कैराना
तेज रफ्तार ईको कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत
ऊंचागांव के पास देर रात हुआ भीषण हादसा, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; परिजन बिना कार्रवाई शव ले गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। तेज रफ्तार ईको कार गुरुवार देर रात ऊंचागांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक तनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
नगर के मोहल्ला दरबारकलां, तितरवाड़ा चुंगी निवासी तनवीर (33) ईको कार चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि गुरुवार देर रात वह ईको कार लेकर कांधला की ओर जा रहा था। ऊंचागांव के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और चालक तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तनवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही तनवीर के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मृतक के शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना को लेकर मोहल्ले में भी शोक की लहर है।


