हजारीबाग
मोरांगी में भीषण सड़क हादसा बाइक सवार दो छात्र-छात्रा की मौके पर हुई मौत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना रोड स्थित मोरांगी के समीप आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवाओं की मौत हो गई। एक अनियंत्रित ट्रक और बाइक की भीषण टक्कर में दोनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। मृतक युवती की पहचान टाटीझरिया निवासी रेशम परवीन के रूप में हुई है, जो केबी महिला कॉलेज की छात्रा थी। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसकी पुष्टि के प्रयास जारी हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।




