
विधायक मदन भैया बोले ,प्रशासनिक स्तर पर हुई ढिलाई और राजनीति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी थाना क्षेत्र के गनोली गांव से अपहृत ओमकार उर्फ ओमन मामले की गूंज मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सात दिन बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जल्द पूरे मामले का खुलासा करने का दावा भी किया है।
गौरतलब है कि इस प्रकरण को लेकर सपा नेता मुखिया गुर्जर और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी तनातनी देखने को मिली थी। जिस कारण ग्रामीणो में पुलिस प्रशासन कि कार्यशैली को लेकर आक्रोश था इस कारण ही गांव में बड़ी पंचायत बुलाने की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ रहा था। हालांकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद ओमकार का शव अभी तक भी बरामद नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
इसी बीच राष्ट्रीय लोकदल के खतौली विधायक मदन भैया भी गनोली पहुंचे, जहां ग्रामीण सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। विधायक ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर पूरे मामले से अवगत कराया है और निष्पक्ष व शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
मदन भैया ने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी मौत पर राजनीति नहीं की और इस मामले में भी परिवार को न्याय मिलना सबसे जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले के खुलासे के साथ सबसे पहले ओमकार का शव बरामद होना चाहिए। यदि शव बरामद नहीं हो पा रहा है तो पुलिस को घटना की पूरी सच्चाई सार्वजनिक करनी चाहिए।
विधायक ने यह भी स्वीकार किया कि मामले में प्रशासनिक स्तर पर ढिलाई बरती गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती कार्रवाई में गंभीरता की कमी रही और कहीं न कहीं प्रशासनिक स्तर पर राजनीति भी हुई है। उनके मुताबिक अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

