शामली
नाइनगला जाटान में चोरों का धावा, छह ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी; किसानों में रोष
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार रात चोरों ने नाइनगला जाटान गांव में धावा बोलकर छह ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी कर लीं, जबकि दो अन्य ट्रैक्टरों की बैटरियां खोलकर मौके पर ही छोड़ दीं। घटना से ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के नाइनगला जाटान में विकास, रामेश्वर, शक्ति, विक्रम और अनुप के घरों के बाहर खड़े ट्रैक्टरों से चोर बैटरियां चोरी कर ले गए। वहीं राजीव और मदन के ट्रैक्टरों की बैटरियां भी खोल ली गईं, लेकिन किसी कारणवश बदमाश उन्हें साथ नहीं ले जा सके। शुक्रवार सुबह जब किसानों ने अपने ट्रैक्टर देखे तो घटना की जानकारी हुई। चोरी से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
उधर, लक्ष्मीपुरा के जंगल में भी बदमाशों ने एक किसान के ट्यूबवेल को निशाना बनाया। चौसाना निवासी ब्रजमोहन शर्मा के खेत पर स्थित ट्यूबवेल का शटर तोड़कर चोर स्टार्टर, मास्टर, 10 मीटर केबल, तीन कटआउट और लीड चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह खेत पहुंचने पर घटना का पता चला। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत भी दी।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।