जालौन
कुठौंद पुलिस की लगातार तीन बड़ी सफलताओं से जिले में पुलिस की हो रही प्रशंसा
वारंटी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद और गुमशुदा युवक को परिजनों से मिलाया

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में अपराध नियंत्रण न्यायालय से वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियानों के तहत थाना कुठौंद पुलिस ने एक ही सप्ताह में तीन महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कर अपनी सक्रिय कार्यशैली का परिचय दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जालौन के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जहां एक ओर न्यायालय से वांछित चल रहे वारंटी को गिरफ्तार किया वहीं गुम हुए दो कीमती मोबाइल फोन बरामद कर उनकी स्वामिनी को लौटाया तथा ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई में न्यायालय से वांछित चल रहे वारंटी अभियुक्त अकील अहमद पुत्र अजीज अहमद निवासी कस्बा एवं थाना कुठौंद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध झांसी न्यायालय द्वारा धारा 138 एनआई एक्ट के मामले में गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था। इसके साथ ही धारा 82 एवं 83 सीआरपीसी की कार्रवाई भी प्रभावी थी। अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने उसे उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी, महिला आरक्षी दीपिका देवी, महिला आरक्षी रैना सिंह तथा कांस्टेबल चालक विरजेश कुमार शामिल रहे।
कुठौंद पुलिस ने गुम हुए दो कीमती मोबाइल बरामद कर महिला को लौटाए
थाना कुठौंद पुलिस ने जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नेहा पत्नी राजा सिंह के गुम हुए दो स्मार्टफोन बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। आवेदिका द्वारा मोबाइल गुम होने की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने सर्विलांस एवं तकनीकी सहायता की मदद से मोबाइलों की तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद एक लावा कंपनी का मोबाइल (अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये) तथा एक रेडमी कंपनी का मोबाइल (अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये) बरामद कर लिए गए। कुल 26 हजार रुपये मूल्य के दोनों मोबाइल फोन आवेदिका को विधिवत सुपुर्द किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर आवेदिका ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत कुठौंद पुलिस ने गुमशुदा युवक को परिजनों से मिलाया
जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत ग्राम चंदावली निवासी अखिलेश पुत्र शिवनारायण को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अखिलेश 5 जून को बिना बताए घर से चला गया था तथा उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। काफी तलाश के बाद जब परिजनों को उसका पता नहीं चला तो यूपी-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना कुठौंद पुलिस सक्रिय हुई और लगातार खोजबीन के बाद 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह अपनी इच्छा से घर से बाहर गया था तथा उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी। युवक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और कुठौंद पुलिस का आभार व्यक्त किया।


