अमरोहा
गंगा में नहाते समय दो युवक डूबे, तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के दो युवक मंगलवार को बुलंदशहर सीमा में स्थित गंगा घाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव डांकेवाली निवासी आठ दोस्त बाइक से गंगा स्नान करने के लिए गंगानगर गांव के पास घाट पर पहुंचे थे। स्नान के दौरान जसपाल (18) पुत्र छत्तर सिंह तथा मनोज (19) पुत्र हरपाल गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जाता है कि नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते डूबने लगे।
साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन जब तक कोई सहायता पहुंचती, दोनों युवक पानी में लापता हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घाट पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से गंगा और अन्य जलाशयों में स्नान के दौरान सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।




