ललितपुर

 15 से 21 जून तक चलेगा योग सप्ताह

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य बनाने की तैयारी शुरू

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई प्रशासनिक बैठक
21 जून को पुलिस लाइन में होगा जनपद स्तरीय मुख्य समारोह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग सप्ताह के आयोजन, जनपद स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना चुका है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रय योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और जनजागरूकता का व्यापक अभियान है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। सीडीओ शेषनाथ चौहान ने कहा कि योग व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योग सप्ताह के दौरान युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 से 21 जून 2026 तक पूरे जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान योगाभ्यास कार्यक्रम, योग जागरूकता अभियान, संगोष्ठियां, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरियां तथा स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही 15 जून को जनपद के सभी विकास खंडों एवं तहसील मुख्यालयों पर योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। कंपनी बाग में आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में जनपद स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन तथा आमजन शामिल होंगे। इस अवसर पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास भी कराया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को यातायात, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, प्रचार-प्रसार तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आयुष विभाग के संयोजन में आयोजित बैठक में एडीएम, सीडीओ, डीआईओएस, अधिशासी अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, डीपीओ (आयुष) डा. आशुतोष कुमार गोस्वामी, मास्टर योगा ट्रेनर रामूकांत सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, पतंजलि योग संस्थान, योग भवन, जिंदादिल ग्रुप समेत विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और योग दिवस एवं योग सप्ताह के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनपद में ऐतिहासिक, भव्य और जनभागीदारी आधारित आयोजन के रूप में संपन्न कराने के संकल्प के साथ हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button