
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को तालबेहट स्थित खुशी ट्रेडर्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक संतोष कुमार गुप्ता की दुकान पर रखे हल्दी, धनिया एवं मिर्च पाउडर की जांच की गई। विभागीय टीम ने हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर के एक-एक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। जांच के दौरान 50 किलोग्राम हल्दी पाउडर (मूल्य 8,500 रुपये), 350 किलोग्राम धनिया पाउडर (मूल्य 42,000 रुपये) तथा 600 किलोग्राम मिर्च पाउडर (मूल्य 1,02,000 रुपये) को सीज कर दिया गया। कुल मिलाकर लगभग 1.52 लाख रुपये मूल्य के मसालों को विभागीय कार्रवाई के तहत कब्जे में लिया गया। खाद्य कारोबारकर्ता ने अधिकारियों को बताया कि संबंधित मसालों की आपूर्ति झांसी से की जाती है। मसाले 5-5 किलोग्राम के पैकेटों में रखे गए थे, जिन्हें बड़े 50 किलोग्राम के बोरों में संग्रहित किया गया था। दुकानदार द्वारा थोक में मसाले खरीदकर विभिन्न दुकानों पर आपूर्ति की जाती है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.एस. निरंजन एवं नागेंद्र कुमार मौजूद रहे।



