ललितपुर
स्वास्थ्य क्षेत्र में 12 वर्षों की उपलब्धियों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आयुष्मान भारत से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक, स्वास्थ्य व्यवस्था में हुए बदलावों की दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को नवनिर्मित 300 बेड चिकित्सालय परिसर में संचालित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए ढांचागत एवं नीतिगत सुधारों की जानकारी दी गई तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने कहा कि बीते 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं ने चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनता को उन योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराना है, जिन्होंने देश के स्वास्थ्य परिदृश्य में गुणात्मक सुधार किया है। डा.सौरभ ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पल्स पोलियो अभियान, विटामिन-ए सप्लीमेंटेशन कार्यक्रम, मीजल्स-रूबेला अभियान तथा टिटेनस-डिप्थीरिया टीकाकरण अभियान के माध्यम से बच्चों का टीकाकरण कवरेज लगातार बढ़ा है। साथ ही संस्थागत प्रसव की दर में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, टेली-मानस, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, ई-संजीवनी, ई-कवच, लक्ष्य कार्यक्रम तथा पीएम-अभीम योजना जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि इन पहलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंच रही हैं तथा अस्पतालों की गुणवत्ता और स्वास्थ्य अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान राज्यमंत्री मनोहर लाल, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, शिक्षक विधायक बाबूलाल तिवारी, महिला आयोग सदस्य अर्चना तिवारी, दिनेश गोस्वामी, प्रधानाचार्य डा.मयंक शुक्ला, सीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमएस डा.गजेंद्र सिंह, प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सहित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी सदस्य, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



