शामली

18 घंटे अंधेरे में डूबे 50 गांव, तूफान ने गिराए पोल-टहनियों से ठप हुई बिजली व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

  चौसाना : गुरुवार रात आए तेज तूफान और बारिश ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। 33/11 केवी लाइन के पोल गिरने और कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से चौसाना, खोडसमा, दथेडा और टोडा बिजलीघरों से जुड़े करीब 50 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। रात नौ बजे से गुल हुई बिजली शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे बहाल हो सकी। लगभग 18 घंटे तक लाखों की आबादी अंधेरे, उमस और मच्छरों के आतंक से जूझती रही।
क्षेत्र के टोडा बिजलीघर, सिकंदरपुर बहाड़ीमाजरा स्थित 132 केवी उपकेंद्र से संचालित होता है। गुरुवार रात आए तूफान के दौरान ढिढाली गांव के जंगल में 33/11 केवी लाइन का एक पोल गिर गया, जिससे टोडा बिजलीघर से जुड़े सभी गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं शामली-श्यामला 132 केवी उपकेंद्र से जुड़े चौसाना, खोडसमा और दथेडा बिजलीघरों की लाइनों पर कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से लाइन ब्रेकडाउन में चली गई।
रातभर ग्रामीण बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह बिजली विभाग की टीमों ने लाइनमैनों के साथ मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। पोल बदलने और लाइनों से टहनियां हटाने का काम कई घंटों तक चलता रहा। इसके बाद दोपहर करीब सवा दो बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी।
बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर लोग मच्छरों से परेशान रहे तो दिन निकलते ही भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई गांवों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही क्योंकि अधिकांश लोग बिजली से चलने वाले मोटरों पर निर्भर हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button