हापुड़

17 जून को गाजियाबाद में होगा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, तैयारियां तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

धौलाना। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा के अनावरण एवं उनकी 486वीं जयंती समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में धौलाना स्थित तोमर क्राउन पैलेस के निकट एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें साठा चौराशी क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं समाज के प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अखंड राजपूताना सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष (युवा मोर्चा) राणा धीरज तोमर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि 17 जून 2026 को सायं 4 बजे महाराणा प्रताप चौक, सेक्टर-5, वसुंधरा पुलिस चौकी (कनावनी पुलिया) के निकट, गाजियाबाद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

राणा धीरज तोमर ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद श्री अनुराग ठाकुर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य लोग भी सहभागिता करेंगे। सुप्रसिद्ध इतिहासविद एवं क्षत्रिय चिंतक डॉ. ओमेंद्र रत्नू मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, महाराणा प्रताप के अद्वितीय शौर्य एवं वीरता की गाथाओं का वर्णन करेंगे।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास में शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्र गौरव के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा का अनावरण समाज को उनके आदर्शों से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति एवं आत्मसम्मान की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

बैठक में प्रमुख रूप से शक्ति राणा, राजा सिसोदिया, राहुल राणा, शिवम राणा, गौरव राणा, हनी राणा, शंकर राणा, सौरभ राणा, आशु राणा, भूपेंद्र तोमर, मनोज तोमर, प्रदीप राणा, अनुज राणा, गोपाल राणा, निशांत राणा एवं नकुल राणा उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक संख्या में समाज बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में शामिल करने तथा समारोह को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने समाज के सभी लोगों एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button