जालौन

पीडीए आरक्षण में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप, सपा ने भाजपा सरकार को घेरा

22 भर्तियों में 11,514 पदों पर आरक्षण नियमों की अनदेखी का दावा, 2027 में जवाब देने की बात कही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के आरक्षण अधिकारों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने कहा कि पिछले दस वर्षों में विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का उल्लंघन किया गया, जिससे पीडीए वर्ग के हजारों अभ्यर्थी प्रभावित हुए।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 से 2026 के बीच आयोजित 22 प्रमुख भर्ती प्रक्रियाओं में कुल 11,514 पदों पर आरक्षण संबंधी अनियमितताएं हुई हैं। उनके अनुसार सबसे अधिक विवाद वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में सामने आया, जहां 7,933 पदों पर आरक्षण नियमों का पालन नहीं होने का आरोप है।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने विभिन्न विभागों की भर्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कनिष्ठ सहायक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, लेखपाल भर्ती, पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती तथा अन्य चयन प्रक्रियाओं में भी आरक्षण से जुड़े मामलों पर सवाल उठे हैं।
सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि कई भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं हुआ। वहीं पूर्व मंत्री श्रीराम पाल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण सामाजिक न्याय की भावना कमजोर हुई है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव और प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था संविधान की मूल भावना का हिस्सा है और इसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जा सकती। नेताओं ने भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए वर्ग अब इन मुद्दों को समझ चुका है।
सपा नेताओं ने यह भी कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने पर विपक्षी कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का निर्णय लेगी और यदि समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो कथित आरक्षण अनियमितताओं की जांच कराई जाएगी।
प्रेस वार्ता में सांसद नारायण दास अहिरवार, पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया, वीरेंद्र सिंह यादव, मान सिंह वर्मा, जमालुद्दीन, समर सिंह चौहान, अजहर बेग सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button