बरेली
बरेली में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का हुआ प्रारंभ
स्पोर्ट्स स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, जिलाधिकारी ,सांसद और जनप्रतिनिधि यों ने किया योग अभ्यास

21 जून तक चलेगा अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह: जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने दिया ‘फिट इंडिया’ का संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : 15 जून 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का भव्य शुभारम्भ रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में हुआ। विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में बरेली डीएम अविनाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल समेत सांसद छत्रपाल गंगवार और सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने खुद योगाभ्यास कर आमजन को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने महिलाओं से विशेष रूप से योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय से अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाने की अपील की गई। विशेषज्ञों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला। बताया गया कि योग से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और एकाग्रता बेहतर होती है।
कार्यक्रम में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु सभी को ‘फिट इंडिया’ का संदेश दिया गया। जिला अधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज वैश्विक आंदोलन बन चुका है। बरेली में 21 जून तक रोजाना अलग-अलग स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बरेली स्टेडियम में उमड़ी भीड़, सभी विभागों ने लिया हिस्सा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह से ही बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास सहित सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम सहित कई योगासन कराए।

