
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। विकासखंड बिरधा अंतर्गत ग्राम तेरा के मजरा कंचनपुरा स्थित हरदौल बाबा मंदिर पर सोमवती अमावस्या एवं पुरुषोत्तम मास के समापन अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, श्री सत्यनारायण भगवान की कथा तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान क्षेत्र में सुख-समृद्धि, ग्रामवासियों की खुशहाली तथा आगामी आषाढ़ मास में अच्छी वर्षा होने की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान से प्रार्थना की कि आने वाली फसलें रोगमुक्त रहें और किसानों को भरपूर उत्पादन प्राप्त हो। ग्रामीणों का मानना है कि आषाढ़ मास के पूर्व देवी-देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं भंडारे के आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का संचार होता है तथा जनकल्याण की भावना मजबूत होती है। कथा एवं पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कृष्ण किशोर पांडे, भगवत सिंह बैंस, बटू माते, श्यामलाल कुशवाहा, केशपाल सिंह, राम सिंह, महावीर सिंह, जगजाहर सिंह, कुंजन सिंह, राजेश सिंह, जीवन सिंह, रामप्रसाद, नंदू कुशवाहा, चंद्रभान कुशवाहा, साकूलाल, कोमल, जानकी, मुलू, कन्हैयालाल, शिवलाल, हरेंद्र प्रताप सिंह, गोरेलाल, हरदयाल, जमुना, नीतेश, सूरज, महेश सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।



