
गुरुग्राम । पुलिस उपायुक्त अपराध हितेश यादव ने बताया कि वैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों एवं वैध विदेशी नागरिकों को इस अभियान से घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। अभियान के संबंध में भ्रामक, झूठी अथवा मनगढ़ंत अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए अवैध घुसपैठियों के विरुद्ध गुरुग्राम पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अपराध शाखा टीमों ने 800 से अधिक संदिग्धों के दस्तावेज चेक किए। इस दौरान 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। सभी बांग्लादेश बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में घुसे और अब गुरुग्राम में रह रहे थे। पुलिस अब इन सभी को डिपोर्ट कराएगी।
अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी
गुरुग्राम पुलिस द्वारा जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग अभियान के दौरान जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जा रहे हैं या जो भारत में वैध रूप से निवास करने के प्रमाण प्रस्तुत नहीं पा रहे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
निमार्णाधीन साइट्स की जांच
अपराध शाखा सैक्टर-39, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने निमार्णाधीन साइट्स/झुग्गियों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी मूल के नागरिकों को चेक किया। इस दौरान गुरुग्राम में अलग अलग संदिग्ध कंट्रक्शन साइट्स/झुग्गियों में चेकिंग की गई। संदिग्ध लोगों के दस्तावेज चेक कर उनकी नागरिकता सत्यापित की गई। इस दौरान अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की गई। इन सभी के पास बांग्लादेश की नागरिकता के दस्तावेज भी मिले।
कालियागंज बॉर्डर से घुसे थे भारत में
इन सभी लोगों से पुलिस पूछताछ में पता चला कि ये बांग्लादेशी नागरिक कालियागंज बॉर्डर से बांग्लादेशी एजेंसी की मदद से अवैध रूप से भारत में घुसे थे। यहां पर मजदूर के तौर पर काम कर ये सभी रह रहे थे। इन बांग्लादेशी नागरिकों को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्ट किया जाएगा।
इन इलाकों में चल रहा चेकिंग अभियान-गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों जैसे झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे व्यक्तियों के दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
गुरुग्राम पुलिस की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध अथवा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों एवं होटल/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। आमजन की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान जारी रहेगा।



