असम के मँगलदई में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर असम सरकार के नई मंत्री नीलिमा देवी ने लिया हिस्सा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : देशव्यापी मनाए जा रहे बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को असम के दरंग जिले के मँगलदई में भी जोश और अनुशासन के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष का विषय “योग फॉर हेल्दी एजिंग” अर्थात् “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” रखा गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आयुष मिशन, जिला स्वास्थ्य समाज और दरंग जिला आयुष विभाग द्वारा सैनिक भवन, मँगलदई में सुबह 6 बजे से विविध कार्यक्रम हुए। मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त असम सरकार की पशुपालन एवं मीनपालन विभाग की कैबिनेट मंत्री नीलिमा देवी उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और अपने सम्बोधन में योग के बहुआयामी लाभों पर प्रकाश डाला। मंत्री ने कहा कि योग एक सशक्त माध्यम है जो स्वास्थ्यमय जीवनशैली को बढ़ावा देता है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। “यदि शरीर स्वस्थ रहेगा तो मन भी स्वस्थ रहेगा और तभी हम सकारात्मक सोच सकते हैं,” उन्होंने कहा। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास कर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में पश्चिम मँगलदई योग शिक्षा केंद्र के योग चिकित्सक एवं प्रशिक्षक हिमालय शर्मा ने “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” विषय की महत्ता और स्वास्थ्य सुरक्षा में योग की भूमिका पर विस्तृत बात की। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से जीवन गुणात्मक रूप से सक्रिय और स्वस्थ बनता है। इसके बाद योग प्रशिक्षण में प्रशिक्षक जयंत डे के निर्देशन में सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योग अभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम का समुचित संचालन दरंग जिला आयुष अधिकारी डॉ. तरुण चंद्र डे के पर्यवेक्षण में हुआ। कार्यक्रम में दरंग जिला परिषद की अध्यक्षा शेवाली कलिता गोस्वामी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी करवी करन सैकिया , जिला विकास आयुक्त देबजीत बरुवा, अतिरिक्त जिला आयुक्त अनुराग फुकन , संयुक्त स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. दिल्लीराम अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी चुम्पी चुतीया, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएँ और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। जिला स्तर पर योग आयोजन की भूमिका में यह भी उल्लेखनीय है कि 20 जून को आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में चार आयु वर्ग—10 वर्ष से कम, 10-18 वर्ष, 18-35 वर्ष और 35 वर्ष से ऊपर—में चयन हुए। प्रत्येक वर्ग से तीन-तीन विजेताओं को चुना गया तथा मुख्य कार्यक्रम में विजयों को प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।



