बरेली
नहीं खुले सरकारी विद्यालय, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
दो स्कूलों में लटके मिले ताले, तीसरे में एक ही कमरे में बैठी मिलीं तीन शिक्षिकाएं, बाकी स्टाफ नदारद

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : शासन और बेसिक शिक्षा विभाग के सख्त निर्देशों के बावजूद क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी और लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर जब क्षेत्र के तीन विद्यालयों की जमीनी हकीकत देखी गई, दो स्कूलों में जहां पूरी तरह ताले लटके मिले, वहीं तीसरे स्कूल का अधिकांश स्टाफ गायब मिला।
ग्रामीणों की शिकायत पर जब कंपोजिट विद्यालय लभेड़ा उर्फ बुलंदनगर का देखा गया , तो वहां केवल एक कक्ष खुला हुआ था। उस कक्ष में प्रधानाध्यापिका विद्या चौधरी, शिक्षिका गीता रानी और गज़ाला मौजूद मिलीं, जबकि विद्यालय का बाकी पूरा स्टाफ ड्यूटी से नदारद था। इसके बाद इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय खाईखेड़ा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय खाईखेड़ा की स्थिति और भी खराब मिली, जहां मुख्य गेट पर ताले लटके मिले।
मामला बेहद गंभीर है। ग्रामीणों की शिकायत और मौके की स्थिति का संज्ञान लिया गया है। उक्त विद्यालयों के जिम्मेदार स्टाफ और अनुपस्थित शिक्षकों को समय पर विद्यालय न खोलने और ड्यूटी से गायब रहने के संदर्भ में स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विवेक शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी




