सिंगरौली

कुर्सा स्कूल में पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी

एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी ने गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक सियाज़ के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के नेतृत्व में चौकी कुंदवार पुलिस द्वारा शासकीय हाई स्कूल कुर्सा में छात्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध और आत्मसुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए नैतिक शिक्षा के साथ कानून की बुनियादी जानकारी और आत्मसुरक्षा के उपाय बताए। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में गुड टच-बैड टच की समझ, बाल अधिकारों तथा पॉक्सो कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।
साइबर अपराध से बचाव के लिए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। उन्हें समझाया गया कि अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और निजी फोटो साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।कार्यक्रम में आपात स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व पर भी चर्चा की गई।
डॉ. गायत्री तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुविधा या साइबर अपराध का सामना होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। विद्यार्थी बिना संकोच अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क कर अपनी समस्या साझा करें। उन्होंने पुलिस को अपना मित्र समझते हुए सजग और जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में चौकी कुंदवार का पुलिस बल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button