
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर। थाना गढी बाजना के कोट ग्राम में प्राकृतिक खेती मिशन के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर खेती को अधिक लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के गुर सीखे।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र, अग्नियास्त्र सहित प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न जैविक उपायों की जानकारी दी। साथ ही इनके प्रयोग से फसलों की लागत कम करने और उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में किसानों को राजस्थान सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण शिविर में मौजूद किसानों कल्ला शर्मा मुरारीलाल शर्मा जजबीर बंटी कल्याण लटुआ बाबा हरीशंकर शर्मा राजू होरी लाल अमीर खिलो विशम्बर ने प्राकृतिक खेती को भविष्य की खेती बताते हुए इसमें रुचि दिखाई। किसानों का कहना था कि रासायनिक खेती की बढ़ती लागत के बीच प्राकृतिक खेती बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है। वहीं कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी मिलने से किसानों में उत्साह देखा गया और उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक निरंजन शर्मा धर्मेन्द्र कुमार ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाकर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।


