खैरथल

जिला प्रभारी सचिव पूनम ने किया शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण

लाभार्थियों को वितरित किए चेक एवं पट्टे ,लोगों से किया संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। जिला प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम ने मंगलवार को नगर परिषद खैरथल में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, पालनहार योजना पंजीकरण, पट्टा वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों पर जाकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ प्रदान करना ही नहीं, बल्कि आमजन को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवाह पंजीयन, जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर बनवाने के लिए लोगों को प्रेरित करें, ताकि उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रमाण पत्र वर्षों बाद बनवाने की बजाय समय पर तैयार कर लेने से आमजन को विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं में सुविधा मिलती है तथा उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए। इसके अतिरिक्त पांच नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपे गए तथा छह पात्र व्यक्तियों को पट्टों का वितरण किया गया।
श्रीमती पूनम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का मौके पर ही अधिकतम निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविरों का उद्देश्य सफल हो तथा आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
इस दौरान जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, सहायक अभियंता भूपेंद्र सिंह, कनिष्क अभियंता मोतीलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button