मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 262 नव-चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
Chief Minister Hemant Soren hands over appointment letters to 262 newly selected candidates; emphasizes strengthening health services.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नव-चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्त अभ्यर्थियों में जेपीएससी द्वारा चयनित 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, एनएचएम के तहत 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 29 वरिष्ठ अस्पताल प्रबंधक एवं 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त मानवबल जरूरी है। स्वास्थ्य क्षेत्र पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी व्यापक स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मियों से निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचार, दक्षता, आधुनिक तकनीक और मजबूत प्रबंधन आवश्यक है। आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वरीय अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नव-नियुक्त अभ्यर्थी मौजूद थे।



