पाकुड़ पुलिस ने विद्यालयों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्रों को नशा, साइबर अपराध व सामाजिक कुरीतियों से बचाव की दी जानकारी
Pakur Police conducted an awareness campaign in schools, educating students on how to protect themselves from substance abuse, cybercrime, and social evils.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर पाकुड़ पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केकेडीएम उच्च विद्यालय झिकरहाट्टी, लिट्टीपाड़ा के सरस्वती शिशु विद्यालय एवं मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के नगरनवी उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। छात्रों से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई। इसके अलावा यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह, बाल मजदूरी, दहेज प्रथा, डायन प्रथा एवं बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और डायन प्रथा एक अंधविश्वास आधारित सामाजिक कुरीति है। विद्यार्थियों को आपातकालीन सेवा डायल-112 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर-1930 की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त, सुरक्षित एवं कुरीतिमुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


