मुहर्रम को लेकर महेशपुर/ रद्दीपुर और लिट्टीपाड़ा में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
Police conducted a flag march in Maheshpur/Raddipur and Littipada in connection with Muharram.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर बुधवार को महेशपुर, रद्दीपुर एवं लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी एवं जिला बल के जवानों ने हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। महेशपुर क्षेत्र में बलियाडांगा, रोलाग्राम, छक्कुधारा होते हुए महेशपुर चौक तक, वहीं रद्दीपुर क्षेत्र में दहापाड़ा, फुटानी मोड़, चिनाडांगा एवं पहाड़िया टोला तथा लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में लिट्टीपाड़ा चौक, रांगा, बादल चौक, फुलपहाड़ी एवं बड़ा सरसा सहित विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पुलिस ने आमजनों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही सभी थाना एवं ओपी में क्यूआरटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग की गई। जवानों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।



