जालौन

हर खातेदार को मिलेगा उसका सही राजस्व अंश, जनपद में 1,123 गांवों में विशेष अभियान शुरू   

4 जुलाई 2026 तक ग्रामवार बैठकों के माध्यम से होगा अंश निर्धारण एवं त्रुटि संशोधन

 डीएम ने आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की   
 राजस्व अभिलेख होंगे त्रुटिरहित, हर खातेदार को मिलेगा उसका वैधानिक अधिकार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 
उरई (जालौन)। आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में खातेदारों एवं सह-खातेदारों के बचे हुए गाटों में अंश निर्धारण तथा त्रुटिपूर्ण अंश निर्धारण के संशोधन के लिए 22 जून से 4 जुलाई 2026 तक संचालित विशेष अभियान की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान किसानों एवं खातेदारों के राजस्व संबंधी अधिकारों से सीधे जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रत्येक पात्र खातेदार का अंश निर्धारण एवं त्रुटिपूर्ण अंश निर्धारण का संशोधन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारी अपने-अपने तहसील क्षेत्र में अभियान की नियमित समीक्षा करें तथा ग्राम स्तर पर आयोजित बैठकों का प्रभावी पर्यवेक्षण करें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति अभियान के लाभ से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारियों द्वारा लेखपालों का राजस्व ग्रामवार रोस्टर तैयार किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लेखपाल संबंधित ग्रामों में बैठक आयोजित कर खातेदारों एवं सह-खातेदारों की उपस्थिति में अंश निर्धारण तथा त्रुटिपूर्ण अंश निर्धारण संशोधन की कार्यवाही संपादित करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि बैठक आयोजित होने से पूर्व ग्रामवासियों को इसकी व्यापक सूचना दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर अपने अभिलेखों का सत्यापन करा सकें। उन्होंने अभियान की प्रभावी निगरानी हेतु अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किए जाने की जानकारी देते हुए निर्देश दिया कि अपर जिलाधिकारी (वित्त), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) तहसीलवार आयोजित ग्राम स्तरीय बैठकों का औचक निरीक्षण कर अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। साथ ही सभी राजस्व अधिकारी शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई मानकीकृत एसओपी के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी पांचों तहसीलों के कुल 1,123 राजस्व ग्रामों में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी खातेदारों, सह-खातेदारों एवं ग्रामवासियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर आयोजित ग्राम स्तरीय बैठकों में आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अभियान में सक्रिय सहभागिता करें, ताकि राजस्व अभिलेखों में लंबित अंश निर्धारण एवं त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, समस्त उप जिलाधिकारी आदि संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button