
मोहर्रम में अजादारों ने निकाला जुलूस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दसवीं मोहर्रम शुक्रवार को शहर में यौम-ए-आशूरा का जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में हजारों लोग शामिल हुए और अजाददारों का गम बांटा। शहर में यौम ए आशूरा का जुलूस कस्साब मंडी, घुसयाना, नेहरूनगर, सदनशाह, गोविंदनगर, नदीपुरा से सारे ताजियेदार अपने अपने ताजिये लेकर घंटाघर पहुंचे। यहां पर हजरत इमाम हुसैन की सदाओं की गूंज के साथ नदीपुरा इमामबाड़ा अखाड़ा व गोविंदनगर अखाड़ा, कसाई मंडी अखाड़ा के लोंगों ने हैरतअंगेज करतब भी दिखाए। इसके बाद जुलूस सावरकर चौक पहुंचा। देर रात कर्बला पहुंच कर ताजियों को सुपुर्द ए खाक किया। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक जुलूस निगरानी करते रहे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज सहित अन्य विभागों के अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
……
घरों में रहकर की इबादत
मुस्लिम समुदाय के लोग घर पर ही रहकर इवादत कर रहे हैं। महिलाएं और बच्चियां भी शहादत नामा और मलशिये पड़ रहीं हैं। रोजे रखकर भी खुदा की इवादत की जा रही है। यह रोजे अनिवार्य यानी जरूरी नहीं हैं, लेकिन मुहर्रम के रोजों का बहुत सवाब है।
……
कर्बला में बहत्तर हुए थे शहीद
इस्लामी कैलेंडर के अनुसार मुहर्रम की 10 तारीख लोकतांत्रिक विश्व और आलमे-इस्लाम का अत्यंत दुखदायी और शोकपूर्ण दिन। इसी दिन आज से लगभग 1400 वर्ष पहले 680 ईसवी में इराक के करबला नामक स्थान पर पैगंबर-ए-इस्लाम के नवासे हजरत हुसैन (र.अ.) और उनके परिवार के कई अन्य सदस्यों को शहीद किया गया। 72 लोगों के हुसैनी काफिले में कुछ महिलाएं और हजरत हुसैन के बीमार बेटे हजरत जैनुल आबेदीन (र.अ.) ही बचे।
……
लंगर का किया एहतमाम
10वीं मोहर्रम पर इमाम चौक नदीपुरा में सातवें मोहर्रम से खिचड़ा व शरबत का इमाम चौक नदीपुरा में एहतमाम किया जा रहा था। सदनशाह, कसाब मण्डी, अजीतपुरा, गोविंदनगर, घंटाघर पर भी लंगर बंटवाया गया। लंगर की मान्यता है कि इसमें लंगर बांटने वाले को बहुत सवाब मिलता है। यह लंगर का एहतमाम सभी मुस्लिम समाज ने किया।

