शामली
राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
10 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार इच्छुक शिक्षक 15 जून से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक शामली ने जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, संस्कृत, वित्तविहीन, सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी विद्यालय प्रमुख अपने यहां कार्यरत शिक्षकों को राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित करें तथा निर्धारित समय-सारणी की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराएं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसके बाद जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयन समितियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जारी समय-सारणी के अनुसार जुलाई और अगस्त माह में विभिन्न स्तरों पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित शिक्षकों को अगस्त में सूचना दी जाएगी, जबकि पुरस्कार समारोह की तैयारियां सितंबर माह में संपन्न होंगी।
इच्छुक शिक्षक 15 जून से 10 जुलाई 2026 तक शिक्षा मंत्रालय के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने पात्र शिक्षकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।