बालाघाट
धनश्री जैन ने जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट का कार्यभार संभाला
शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणाममुखी बनाने पर रहेगा विशेष फोकस -धनश्री जैन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट जिले में शिक्षा विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। धनश्री जैन ने शुक्रवार, 03 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), बालाघाट का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की प्रारंभिक जानकारी ली।
कार्यभार संभालने के बाद धनश्री जैन ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाना तथा शासन की विभिन्न शिक्षा संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, समयबद्ध शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
श्रीमती धनश्री जैन के पदभार ग्रहण करने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भी विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बालाघाट जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलेगी।



