शामली
चौसाना पुलिस ने 47 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौसाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 238 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई गई है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसके नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
शनिवार को चौसाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चौसाना निवासी उस्मान पुत्र नूरदीन को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 238 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना झिंझाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का एक अन्य मुकदमा भी पहले से दर्ज है। चौसाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने कहा कि चौसाना क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस लगातार अभियान चलाकर तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
