शामली

क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज

पहले दिन चौसाना गंगौह और बल्ला माजरा की टीमों ने दर्ज की जीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 चौसाना। कस्बे में शनिवार से शुरू हुए क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले दिन खेले गए तीन मुकाबलों में चौसाना, गंगौह और बल्ला माजरा की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। टूर्नामेंट करीब 25 दिनों तक चलेगा, जिसमें विजेता टीम को 15 हजार रुपये तथा उपविजेता को 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुबारिक ठेकेदार ने फीता काटकर किया। इसके बाद पहला मुकाबला बिलासपुर और चौसाना के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलासपुर की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 102 रन बनाए। जवाब में चौसाना की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर रोमांचक जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में गंगौह और जेहरा की टीमें आमने-सामने रहीं। गंगौह ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 105 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेहरा की टीम निर्धारित ओवरों में 87 रन ही बना सकी और गंगौह ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दिन का तीसरा मुकाबला खोडसमा और बल्ला माजरा के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खोडसमा की टीम ने 89 रन बनाए। जवाब में बल्ला माजरा के बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाते हुए तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज कर ली।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान क्षेत्र की विभिन्न टीमें हिस्सा लेंगी और प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर कमेटी सदस्य इसरार, जमीर चौहान, साजिम, खालिद, सद्दाम सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button