हरेला पर्व को जन अभियान बनकर हो वृहद वृक्षारोपण ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : ’हरेला पर्व’ के अवसर पर 16 जुलाई को जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। हरेला पर्व से शुरू होने वाले इस अभियान की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अभियान को व्यापक जन-भागीदारी के साथ संचालित करने और जल संरक्षण गतिविधियों के लिए चिन्हित क्षेत्रों में अभियान के दौरान प्राथमिकता से वृक्षारोपण किए जाने के निर्देश दिए। हरेला पर्व पर जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम तहसील भटवाड़ी अंतर्गत चीवाँ में आयोजित किया जाएगा।
हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान को जन अभियान बनाए जाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान को गांव-गांव तक संचालित कर इसमें ग्राम पंचायतों व वन पंचायतों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण के लिए पंचायतों व विभागों को लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण हेतु अपेक्षित मात्रा में पौधे वृक्षारोपण स्थल पर पहॅुचाए जाने की स्पष्ट कार्ययोजना बनाई जाय।
वन विभाग,वन पंचायतों व विद्यालयों तक पौधों की आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मियों के मौसम में जल संकट से प्रभावित क्षेत्रों के जल स्रोतों का संरक्षण करने के लिए भी अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने वन, ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, जलागम, पंचायतीराज सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को विभागवार निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और रोपित पौधों के रख-रखाव के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और सभी विभागों से परस्पर समन्वय व जनभागीदारी से इस अभियान को सफल बनाने के लिए जरूरी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
बैठक में डीएफओ डीपी बलूनी,मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल,खेल अधिकारी निधि बिंजोला,पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा उपस्थित रहे,मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, सीएचओ रजनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।



