शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने की पीडी मद में कार्यरत शिक्षकों के शीघ्र वेतन भुगतान की मांग

अलवर। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने प्रमुख शासन सचिव, स्कूल शिक्षा,जयपुर को पत्र भेजकर पीडी मद में कार्यरत शिक्षको को वेतन भुगतान की राशि आवंटन करने की मांग की।प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंचल कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य के कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयो में कार्यरत पीडी मद के शिक्षको का वेतन भुगतान दो-तीन माह से बकाया है। आज दिनांक तक भी लगभग तीन माह का वेतन इन शिक्षकों का बकाया चल रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा तीन माह बाद देरी से बजट आवंटित किए जाने के कारण पीडी मद में कार्यरत शिक्षको के वेतन भुगतान में समस्या आ रही है।इस कारण इन शिक्षकों को प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में वेतन भुगतान के राज्य सरकार के आदेश की पालना भी नही हो पा रही है।
जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि समय पर वेतन भुगतान नही हो पाने से उन सभी शिक्षकों की अपनी घरेलू व्यवस्थाएं व आर्थिक प्रबंधन पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कई शिक्षको ने अपने वेतन खाते से बैंक लोन ले रखे है। लोन किश्त भुगतान की तारीख तक बैंक के खाते में वेतन जमा नही होने के कारण बैंक द्वारा पेनल्टी वसूल की जाती है।इस सभी परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार को पीडी मद में कार्यरत शिक्षकों के लिए वेतन का बजट अतिशीघ्र आवंटित करना चाहिए। जिला मंत्री जगरूप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय पर वेतन भुगतान नहीं होता है तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा।इस अवसर पर रमाकांत शर्मा जिला संगठन मंत्री ,जिला सभाध्यक्ष कैलाश कुलवाल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप मीना,महिला मंत्री मंजू वर्मा जिला अतिरिक्त मंत्री ओमप्रकाश सैनी सहित जिला कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों ने शीघ्र बजट आवंटन की मांग दोहराई



