उपासना मरांडी की पहल पर अर्जुनदहा के चितान टोला में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार
New transformer installed in Chitan Tola of Arjundaha at the initiative of Upasana Marandi; villagers express gratitude.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर प्रखंड के अर्जुनदहा गांव स्थित चितान टोला में लंबे समय से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति नए 25 केवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद बहाल हो गई है। पुराने ट्रांसफार्मर के जल जाने के कारण कई दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति तथा दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस संबंध में ग्रामीणों ने झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी से समस्या के समाधान की मांग की। बताया गया कि उपासना मरांडी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर नया ट्रांसफार्मर लगाने का आग्रह किया। इसके बाद विभाग द्वारा चितान टोला में नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिसके चालू होने के साथ ही गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आम जनता के हितों की रक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। वही नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उपासना मरांडी और विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बहाल होने से उनकी दैनिक परेशानियां दूर हुई हैं और सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर लौट आया है।



