खैरथल
‘परिवर्तन’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला मुख्यालय पर बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। केंद्र सरकार द्वारा एनसीआर क्षेत्र में वाहन जनित प्रदूषण को कम करने हेतु बीएस-4 एवं निम्न मानक के ट्रक एवं बसों को नवीन बीएस-6/इलेक्ट्रिक/सीएनजी वाहनों में परिवर्तित करने तथा बीएस-3 एवं निम्नतर मानक के पुराने वाहनों को वैज्ञानिक एवं ईको फ्रेंडली तरीके से स्क्रैप करने के उद्देश्य से ‘परिवर्तन’ योजना लागू की जा रही है। उक्त योजनान्तर्गत दिनांक 22.07.2026 से परिवर्तन पोर्टल पर लाभार्थियों का पंजीयन प्रारंभ किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला कलेक्टर महोदय, खैरथल-तिजारा द्वारा प्रदत्त निर्देशों की अनुपालना में परिवहन विभाग द्वारा आज दिनांक 20.07.2026 को नगर परिषद सभागार, खैरथल में निजी बस एवं ट्रक ऑपरेटरों तथा निजी विद्यालयों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, अलवर द्वारा योजना के लाभों से अवगत कराते हुए बताया गया कि मोटर वाहन कर एवं पंजीयन शुल्क में शत-प्रतिशत छूट, वाहन ऋण पर 5 प्रतिशत तक ब्याज में छूट, प्रतिमाह फ्यूल वाउचर, पुराने वाहन पर बकाया कर में छूट तथा वाहन निर्माता कंपनियों द्वारा वाहन की कीमत में 8 प्रतिशत तक की विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। साथ ही योजना के अंतर्गत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित निजी विद्यालय संचालकों को बीएस-4 एवं निम्न श्रेणी की बसों के स्थान पर नवीन वाहनों का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया। बैठक में उपस्थित बस एवं ट्रक मालिकों ने भी परिवर्तन योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसका लाभ उठाने की इच्छा जताई।
बैठक में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रविन्द्र जोशी, जिला परिवहन अधिकारी भिवाड़ी राजीव चौधरी, परिवहन निरीक्षक रविदत्त शर्मा सहित विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि एवं बस-ट्रक संचालक उपस्थित रहे।

