
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत सीताकाटा पंचायत भवन में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के सोशल ऑडिट को लेकर पंचायत स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया एलिजाबेथ सोरेन ने की। बैठक का उद्देश्य सोशल ऑडिट की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना तथा ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक करना था।
बैठक में बीआरपी शिव शंकर भैया एवं विलेज रिसोर्स पर्सन (वीआरपी) रामानुज कुमार सिंह ने सोशल ऑडिट की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में 24 एवं 25 जुलाई को ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मनरेगा सहित विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 26 जुलाई को सीताकाटा पंचायत भवन में जनसुनवाई आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान मनरेगा से जुड़े सभी कार्यों की जांच की जाएगी। इसमें पूर्ण, अपूर्ण एवं प्रगति पर चल रही योजनाओं का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही संबंधित लाभुकों, कार्य योजना, वर्क कोड, मस्टर रोल एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों को उपलब्ध रखना जरूरी होगा, ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।
मुखिया एलिजाबेथ सोरेन ने पंचायतवासियों से ग्रामसभा एवं जनसुनवाई में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सोशल ऑडिट का उद्देश्य सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाना तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से लोगों को अवगत कराना है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों एवं ग्रामीणों से सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक में पंचायत सचिव योद्धापति मंडल, रोजगार सेवक पंकज कुमार सिंह, स्वयंसेवक समसुद्दीन अंसारी, ग्रामीण उमेश मंडल, कृषक मित्र छोटेलाल मंडल, संतोष मंडल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सोशल ऑडिट कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।



