भाकियू (मुलायम) के राष्ट्रीय प्रभारी चौधरी मोहम्मद इरशाद ने किया रक्तदान।
इंडियन ब्लड डोनर्स ग्रुप,संभल की पहल को मिला सहयोग,लोगों से रक्तदान की अपील।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल। भारतीय किसान यूनियन (मुलायम) के राष्ट्रीय प्रभारी एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी मोहम्मद इरशाद ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के सामने मानवता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन मिल सकता है। स्वस्थ व्यक्ति को समय समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
रक्तदान के दौरान उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, ऑपरेशन,थैलेसीमिया, प्रसव और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त मिलना बेहद आवश्यक होता है। ऐसे में यदि समाज के लोग नियमित रूप से रक्तदान करें। तो किसी भी मरीज को रक्त के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर इंडियन ब्लड डोनर्स ग्रुप,संभल के संस्थापक नवेद शान ने चौधरी मोहम्मद इरशाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रभावशाली लोगों के रक्तदान करने से युवाओं में जागरूकता बढ़ती है। और अधिक लोग इस नेक कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रुप वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। और दिन-रात मानव सेवा के लिए समर्पित है। नवेद शान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान किसी धर्म,जाति या वर्ग का नहीं,बल्कि मानवता का सबसे बड़ा संदेश है। आपका एक यूनिट रक्त किसी परिवार की खुशियां लौटाने का माध्यम बन सकता है।



