खैरथल
तिरंगे के सम्मान में ई. पी. विद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा द्वारा तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाए जाने की ऐतिहासिक स्मृति में ई. पी. विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस (तिरंगा दिवस) उत्साह, गर्व एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों जयंत यादव, कर्विता एवं काव्या तनेजा ने अत्यंत प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में कक्षा सातवीं, आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों सक्षम, मोहित, आरोही, पार्थ, हर्षना, मुस्कान, नक्ष, दक्ष, भूमि, कार्तिक सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक आजाद चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के बलिदान तथा 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस तिरंगे के सम्मान और स्वाभिमान के लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, उसका सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तिरंगे के तीनों रंगों तथा अशोक चक्र के महत्व की जानकारी दी गई और सभी को राष्ट्रध्वज के सम्मान की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं गर्व के साथ कार्यक्रम में भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आचार्य राजेश कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

