गाजियाबाद
लोनी में भाजपा का बूथ अध्यक्ष भौतिक सत्यापन सम्मेलन
संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधानसभा क्षेत्र के कारवां मैरिज होम में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से बूथ अध्यक्षों का भौतिक सत्यापन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता की समीक्षा करना तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ हुआ। कार्यक्रम की प्रस्तावना भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने रखी।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सिडको के चेयरमैन वाई.पी. सिंह शामिल हुए। उन्होंने बूथ अध्यक्षों की उपस्थिति का भौतिक सत्यापन किया और संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों की समीक्षा की। इस दौरान बूथ समितियों की सक्रियता, सदस्यों के सत्यापन तथा आगामी अभियानों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुख हैं। यदि बूथ संगठन मजबूत रहेगा तो पार्टी प्रत्येक चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान भी किया गया।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वे आम जनता से नियमित संवाद बनाए रखें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन जिला महामंत्री एवं जिला संयोजक रामकुमार त्यागी ने राष्ट्रगान के साथ किया। अंत में स्थानीय पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनील निठौरा, राजकुमार मास्टर, आकाश गौतम, प्रदीप गोस्वामी, जिला मंत्री सीमा सैनी, कृष्ण बंसल, जिला मीडिया प्रभारी ब्रह्ममेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, मनीष चौहान, अश्वनी कुमार, मंडल महामंत्री रविंद्र पंवार, सुरेश पाल, संजीव शर्मा, सभासद दल के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




