गोड्डा
10 दिनों से गुरुजी गायब सरकारी विद्यालय में लटक रहा ताला मध्यान भोजन भी बंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सदर प्रखंड अंतर्गत मखनी स्थित नव प्राथमिक विद्यालय (तेलडीहा मिस्त्री टोला) में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। सुदूरवर्ती इलाके में स्थित इस विद्यालय से पिछले 10 दिनों से शिक्षक गायब हैं, जिससे छोटे-छोटे नौनिहालों का भविष्य अधर में लटक गया है।
शिक्षक की अनुपस्थिति के कारण विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। हद तो यह है कि पिछले दस दिनों से बच्चों को सरकार की महत्वाकांक्षी PM पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। भूखे पेट बच्चे स्कूल के बाहर से ही वापस लौटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के लाख दावे कर ले, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। ग्रामीण जीतनारायण मिस्त्री (पूर्व वार्ड सदस्य), प्रदीप मिस्त्री, लक्ष्मण मिस्त्री, साहबराम मुर्मू कहते हैं गांव में कुल 600 की जनसंख्या है यहां से दूर दूर विद्यालय नहीं है, गांव के स्कूल के शिक्षक बिना सूचना किये विद्यालय बंद कर दिया गया है। कारण जानने के लिए शिक्षक के मोबाईल पर भी फोन लगाते हैं। पर मोबाइल बंद है। अब पूरा गांव की शिक्षा अधर में लटक गया है। सुदूर इलाकों रहने के कारण कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रखंड को भी सूचना दिए हैं। सूचना दिए 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुध नहीं ले रहा है, शिक्षा विभाग का लचर रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले शिक्षक पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि बच्चों का भविष्य खराब न हो। जिला शिक्षा पदाधिकारी कहते हैं कि मुझे इस विषय में जानकारी नहीं है, इस पर तुरंत संज्ञान ली जाएगी।



