पाकुड़

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झामुमो ने पाकुड़ में फूंका केंद्र सरकार का पुतला

JMM burns effigy of the Central Government in Pakur in protest against the lathi-charge on students.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला इकाई ने मंगलवार को पाकुड़ में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में आक्रोश मार्च निकाला और रविंद्र चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने NEET परीक्षा और सीबीएसई मार्किंग व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं युवाओं के मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग की। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई की पार्टी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की समस्याओं को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी की घटनाओं से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। झामुमो जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, केंद्रीय सदस्य श्याम यादव एवं केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों के साथ खड़ा है और उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, जिला संगठन सचिव मुस्लोद्दीन अंसारी, जिला सह सचिव कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष दासों मुर्मू, छात्र मोर्चा जिला सचिव तौसीफ इकबाल सहित झामुमो के विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button