शामली

राजवाहे के किनारे मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना।  झिंझाना क्षेत्र के गांव रंगाना में शुक्रवार सुबह राजवाहे की पटरी पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान सुभाष कोरी (40 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम रंगाना के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सुभाष की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सचिन ने बताया कि गुरुवार को गांव के एक युतक के साथ सुभाष की कहासुनी हुई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इसके बाद रात करीब 11 बजे सुभाष खेत जाने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह गांव रंगाना से खानपुर जाने वाले राजवाहे की पटरी पर उनका शव पड़ा मिला। मृतक अपने पीछे पत्नी संजना, 16 वर्षीय पुत्र निखिल और 14 वर्षीय पुत्र लवनीश को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र कसाना ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button