गंगा एक्सप्रेस वे पर देर रात डबल डेकर बस में लगी भीषण आग
यात्रियों ने बचाई जान,पुलिस ने आग पर काबू पाया...

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड ( यूपी )- जनपद हापुड के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस वे पर देर रात करीब 3 बजे एक डबल डेकर बस में एसी शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। बस दिल्ली से सिद्धार्थनगर जा रही थी। बस में 15 यात्री सवार थे, लेकिन सभी ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि प्रातः 3 बजे पीआरवी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेसवे पर पोल नंबर 61 के पास एक बस में आग लग गई है। सूचना पर तुरंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तेजी से बढ़ती आग पर काबू पा लिया। बस का ड्राइवर शिव कुमार पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम गोपालपुर, जिला बस्ती है। यह डबल डेकर बस काशी विश्वनाथ ट्रेवल्स की एसी स्लीपर बस थी । सभी यात्री दिल्ली से सिद्धार्थनगर जा रहे थे । बस के चलते-चलते एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी । धुएं और आग की लपटों को देखते ही यात्रियों ने तुरंत बस से बाहर निकलने में सफलता हासिल कर ली थी जिससे कोई जनहानि नहीं हुई है । सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्री और बस चालक के बयान भी दर्ज किए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। बस काफी हद तक जलकर खाक हो गई । पुलिस आगे की जांच कर रही है कि आग का कारण वाकई शॉर्ट सर्किट था या कोई अन्य वजह भी हो सकती है।
यह घटना गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े करती है। लंबी दूरी की रात्रि बस यात्राओं में इलेक्ट्रिकल सिस्टम की नियमित जांच की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है। हालांकि कोई यात्री घायल नहीं हुआ है ।




